रखदो चटके शीशे के आगे मन का कोई खूबसूरत कोना ,यह कोना हर एक टुकड़े में नज़र आये गा |

यह ब्लॉग खोजें

शुक्रवार, 28 जनवरी 2011

परवरिश


औरत एक तवा है | अपनी पीठ को तेज आंच से जलाती है और दूसरी तरफ अपने पेट पर  छोटी छोटी , गोल गोल , सफेद सफेद रोटियां सेकती है | ये आंच जब जरूरत से कहीं ज्यादा हों जाती है तो रोटी से भाप की शक्ल मै निकल कर उस तवे के जिस्म को ही जला देती है | आंच का सही तापमान बहुत जरूरी है इससे न तवा जलेगा और ना रोटी | इसमें चिमटे की भूमिका को भी नजरंदाज नही किया जा सकता है | तवे की पीठ तो जल ही रही है पेट ना भाप से जले इसके लिए रोटी को उलटना पलटना जरूरी होता है उसके कच्चेपन को धीमे धीमे सेकना पड़ता है तभी ये रोटियां अपने पूरे सौन्दर्य और पौष्टिकता के साथ पवित्र आहार  बनती है , अपनी अस्मिता ग्रहण करती है | तवे और चिमटे दोनों की जिम्मेदारी होती है कि वो रोटी को भोज्य बनाये ना कि भोग्य |

शुक्रवार, 31 दिसंबर 2010

बाल नव वर्ष और समय के बीच सम्वाद

'' मै समय हूँ |  
मै जब चाहे करवट बदल सकता हूँ ,
स्याह को सफेद और सफेद को स्याह कर सकता हूँ '' | 

बाल नव वर्ष बोला ''तब तो तुम बड़े बलवान हों | 
जो बलवान होता है वो समर्थ होता है , 
मुझे साल भर की खुराक के लिए जो चाहिए वो दोगे ? '' 

समय ने पूछा '' हाँ, हाँ ,क्यों नही | बोलो क्या चाहिए ? '' 

नन्हा नववर्ष बोला ''मै बच्चा हूँ |
  मुझे रक्त , हिंसा , मारकाट वैमनस्य ,पाप ,
, छल प्रपंच , दुष्कर्म वैराग्य नही भाता |  
प्यार चाहिए , दुलार चाहिए
खुराक चाहिए , स्वास्थ्य चाहिए
शिक्षा चाहिए , ज्ञान चाहिए
जल चाहिए , प्रकाश चाहिए
भक्ति चाहिए , शक्ति चाहिए
प्रेम चाहिए , अनुरक्ति चाहिए
राग चाहिए , अनुराग  चाहिए
धैर्य चाहिए , विश्वास चाहिए
शंख चाहिए , नाद चाहिए
ऐ समय ! मुझे प्रसाद चाहिए '' |


समय नेजल्दी से  टोका ---
''रुको , रुको ! नन्हे बाल गोपाल
इतनी लम्बी सूची ?
पिछले साल भी तो सब दिया था '' |


नव वर्ष ने आहत स्वर मै कहा --
''हाँ ! दिया था , मानता हूँ | साथ ही शत्रुता का दंश भी !
जिसके जहर से
कितनी माँओं को निपूती किया
 सधवा को विधवा किया
जान को बेजान किया
आगत को ही अनाथ किया
हाँ , समय ! तुमने  तो शर्म को शर्मिंदा कर दिया '' |


समय ने कानों पे हाथ रख के कहा
'' बस,  बस ! अब सुनने की ताब नहीं |
कोशिश  करूंगा ! पूरी कोशिश करूंगा अब मै
तुम्हे वो सब दूँ जिससे तुम मुझ पर गर्व कर सको |
मेरे साथ मिल कर सहर्ष दो कदम चल सको |
मै आज से बल्कि अभी से प्रयासरत होने जा रहा हूँ |
मेरे लिए दुआ करना |
सुना है , बाल मन की प्रार्थना
परमात्मा जल्दी सुन लेता है '' |
आमीन |

गुरुवार, 16 दिसंबर 2010

शर्म आती है

हम उस समाज मै खड़े हैं जहाँ
एक जिस्म के बहत्तर टुकड़े हुए हैं और
कुछ दिनों बाद हम सब आदतन   गायेंगे हैप्पी न्यू इयर 
तेजाब से चेहरे झुलसाये गये है और
हम सब आदतन  गायेंगे  हैप्पी न्यू इयर  
ब्लेड से गले  रेते  गये है और 
हम सब गायेंगे  हैप्पी न्यू इयर
कार मै रौंदी गई हैं अस्मत और 
हम सब गायेंगे हैप्पी न्यू इयर
पालीथीन मै लटकी ज़िंदा मिली है नन्ही जान और 
हम सब आदतन गायेंगे हैप्पी न्यू इयर 
उनसे पूछो जिनके घरों के है ये हादसे 
वो बतलायेंगे उनके लिए सिसकियों मै डूबा 
कैसा होगा आने वाला ये न्यू इयर 
कौन इनके दर्द को महसूस करेगा इकत्तीस की रात को 
सब जो डूबे होंगे जश्न मै इकत्तीस की रात को . 
सच ! मन बहुत दुखी है और 
ऐसे अमानवीय समाज का हिस्सा होने पर 
खुद पे शर्म आती है |

शुक्रवार, 3 दिसंबर 2010

सोच

हम क्योँ नही उबर सके 
अपनी सोच से 
तमाम उम्र गुजर डाली
  इसी सोच में  |
अब तो वक्त भी कह रहा है
तेरी सोच में 
तब्दिली की सख्त जरूरत है |


इस सोच को
यकीन क़ी संकरी  गली बना ,
कोई तो सिरा हासिल होगा |
शर्त है - वो गली संकरी हो 
ना कोई आजूं हो ना  बाजूं हो 
बस तू हो और तेरी जुस्तजू हो |
फिर देख ! 
फिर देख तेरी सोच क्या रंग लाती है ,
नामुमकिन होगा कि
तू वहीं कि वहीं खड़ी रह जाती है |
तुझे खुद ना सुनाई देगी 
दिन 
महीने 
और सालों वाले कैलेंडर की फड फड़ाहट 
क्यों क़ि अपनी रौं में 
बहता हुआ कोई शख्स 
फिर अपने बस में भी नही होता है |

शुक्रवार, 19 नवंबर 2010

खामोश सवाल

 एक ----
वो जो कोई बात 
तेरे दिल से निकले 
और मेरे दिल तक पहुंचे ,
क्षत विक्षत होकर ,
तो दोष किसका ? 
तुमने भेजा लापरवाह होकर
या मैंने लपका बेपरवाह होकर ? 

दो ----
समंदर पर बरखा क़ी बूँद 
और दिल उदास 
तो मन क्या सोचेगा ?

तीन ----
आओ तुम्हे तुम से मिलाएं 
क़ी तुम्हे क्यूँ लगता है 
क़ी तुम गुम हो गई हो ? 

चार ----
बगैर किसी फलसफे के
 तुम्हे 
तुम्हारी जिल्द के साथ 
जो मै पढना चाहूँ 
तो क्या ये मुमकिन है ? 

मंगलवार, 9 नवंबर 2010

धोखा



मै धागे का एक सिरा पकड़
फिर उस पर चल कर
तुम तक पह्चूं
ये जानने के लिए कि तुम कौन हो
जो मेरे ख्वाबो  में आ कर अदृश्य संदेश भेजते हो ,
स्पर्श को महसूस कराते हो ,
सोंधी खुश्बू वाली रोटी खिलाते हो
 सर्द रातों में लिहाफ उढ़ाते हो ,
गर्म रातों में बेना झुलाते हो |
जब मै धागे के बीचोबीच पहुंची
तो महसूस किया कि
धागा ढीला हो रहा है ,
लपलपा रहा है |
तुम्हारे सिरे से कुछ सरकता हुआ आ रहा है |
अरे !   ये तो अमूर्त धोखा है जो मुझसे टकरा कर ,
मुझे खाई में गिराने को आतुर है |
मैंने उसी क्षण अपने बढ़ते कदम
वापस कर लिए |
धागा फिर तन गया
और वो अमूर्त धोखा
मेरे सिरे पर वर्जित क्षेत्र का बोर्ड देख
अवाक्   वहीं ठहर  गया |
इस तरहां
 मैंने अपने आप को
ख्वाबों में भी
तुम्हारे बुने जाल से मुक्त कर लिया |

गुरुवार, 21 अक्टूबर 2010

हमारी तुम्हारी बातें

सूरज से ज़रा दूर
 खुले आसमाँ की चमक के मानिंद 
तुम्हारा ये साफ साफ सा चेहरा 
मेरे तमाम हौसलों को 
और बढ़ाता गया है | 
मेरी शरारतन ओढ़ी ख़ामोशी को 
तुम्हारी पैनी निगाहें 
ज्यादा देर तक टिकने नही देती 
और फिर मै वही हो जाती हूँ, जो हूँ मै | 
ऐसा भी होता है कभी ------
नामालूम कई गलियों में भटक जाती हूँ मै 
नामालूम कई दरीचों में अटक जाती हूँ मै 
नामालूम कई पहाड़ों से लुढक जाती हूँ मै 
नामालूम कई गर्तों में गिर गिर जाती हूँ मै 
और कभी कभी
 नामालूम  कई रेशों में उलझ उलझ जाती हूँ  मै | 
अचानक तुम आकर ,
मेरी बाहें थाम कर, 
अपनी सुलझी हुई बातों से 
मुझे रस्ते पे ले आते हो, 
ये तुम क्यूँ कर ऐसा कर ले जाते हो | 
एक और अजीब बात है हम में और तुम में | 
तुम चाहते हो मै माँ की तरह सहेज कर रखूं तुम्हे ,
सिर पे हाथ फेरूँ , प्यार से खिलाऊ खाना ,
अगर परेशान हो तो , खुद ब खुद जान जाऊ क्या है बात | 
और मै फिर पूरी करती हूँ कोशिश 
खुद में बहुत बड़ी बड़ी सी हो जाती हूँ |
और जानते हो?
 कभी  कभी होता है ऐसा भी 
कि तुम्हारे सीने में छुप कर अपने वजूद को 
चूजा सा बना लेती हूँ मै | 
हम तुम ऐसे क्यों है ? 
कौन सी कशिश बाँधती है हमे तुम्हे ? 
 आओ इस कशिश पर कुछ और रंग चढ़ाएं 
रोज की  तरहां चलो थोड़ी देर 
बाहर घूम आयें  |