रखदो चटके शीशे के आगे मन का कोई खूबसूरत कोना ,यह कोना हर एक टुकड़े में नज़र आये गा |

यह ब्लॉग खोजें

शुक्रवार, 19 नवंबर 2010

खामोश सवाल

 एक ----
वो जो कोई बात 
तेरे दिल से निकले 
और मेरे दिल तक पहुंचे ,
क्षत विक्षत होकर ,
तो दोष किसका ? 
तुमने भेजा लापरवाह होकर
या मैंने लपका बेपरवाह होकर ? 

दो ----
समंदर पर बरखा क़ी बूँद 
और दिल उदास 
तो मन क्या सोचेगा ?

तीन ----
आओ तुम्हे तुम से मिलाएं 
क़ी तुम्हे क्यूँ लगता है 
क़ी तुम गुम हो गई हो ? 

चार ----
बगैर किसी फलसफे के
 तुम्हे 
तुम्हारी जिल्द के साथ 
जो मै पढना चाहूँ 
तो क्या ये मुमकिन है ? 

मंगलवार, 9 नवंबर 2010

धोखा



मै धागे का एक सिरा पकड़
फिर उस पर चल कर
तुम तक पह्चूं
ये जानने के लिए कि तुम कौन हो
जो मेरे ख्वाबो  में आ कर अदृश्य संदेश भेजते हो ,
स्पर्श को महसूस कराते हो ,
सोंधी खुश्बू वाली रोटी खिलाते हो
 सर्द रातों में लिहाफ उढ़ाते हो ,
गर्म रातों में बेना झुलाते हो |
जब मै धागे के बीचोबीच पहुंची
तो महसूस किया कि
धागा ढीला हो रहा है ,
लपलपा रहा है |
तुम्हारे सिरे से कुछ सरकता हुआ आ रहा है |
अरे !   ये तो अमूर्त धोखा है जो मुझसे टकरा कर ,
मुझे खाई में गिराने को आतुर है |
मैंने उसी क्षण अपने बढ़ते कदम
वापस कर लिए |
धागा फिर तन गया
और वो अमूर्त धोखा
मेरे सिरे पर वर्जित क्षेत्र का बोर्ड देख
अवाक्   वहीं ठहर  गया |
इस तरहां
 मैंने अपने आप को
ख्वाबों में भी
तुम्हारे बुने जाल से मुक्त कर लिया |

गुरुवार, 21 अक्टूबर 2010

हमारी तुम्हारी बातें

सूरज से ज़रा दूर
 खुले आसमाँ की चमक के मानिंद 
तुम्हारा ये साफ साफ सा चेहरा 
मेरे तमाम हौसलों को 
और बढ़ाता गया है | 
मेरी शरारतन ओढ़ी ख़ामोशी को 
तुम्हारी पैनी निगाहें 
ज्यादा देर तक टिकने नही देती 
और फिर मै वही हो जाती हूँ, जो हूँ मै | 
ऐसा भी होता है कभी ------
नामालूम कई गलियों में भटक जाती हूँ मै 
नामालूम कई दरीचों में अटक जाती हूँ मै 
नामालूम कई पहाड़ों से लुढक जाती हूँ मै 
नामालूम कई गर्तों में गिर गिर जाती हूँ मै 
और कभी कभी
 नामालूम  कई रेशों में उलझ उलझ जाती हूँ  मै | 
अचानक तुम आकर ,
मेरी बाहें थाम कर, 
अपनी सुलझी हुई बातों से 
मुझे रस्ते पे ले आते हो, 
ये तुम क्यूँ कर ऐसा कर ले जाते हो | 
एक और अजीब बात है हम में और तुम में | 
तुम चाहते हो मै माँ की तरह सहेज कर रखूं तुम्हे ,
सिर पे हाथ फेरूँ , प्यार से खिलाऊ खाना ,
अगर परेशान हो तो , खुद ब खुद जान जाऊ क्या है बात | 
और मै फिर पूरी करती हूँ कोशिश 
खुद में बहुत बड़ी बड़ी सी हो जाती हूँ |
और जानते हो?
 कभी  कभी होता है ऐसा भी 
कि तुम्हारे सीने में छुप कर अपने वजूद को 
चूजा सा बना लेती हूँ मै | 
हम तुम ऐसे क्यों है ? 
कौन सी कशिश बाँधती है हमे तुम्हे ? 
 आओ इस कशिश पर कुछ और रंग चढ़ाएं 
रोज की  तरहां चलो थोड़ी देर 
बाहर घूम आयें  | 

बुधवार, 15 सितंबर 2010

खारिज


मैंने सपने में भी
 दंश को चुभने की इजाजत न दी 
और तुमने मुझे
 सरेराह छलनी कर दिया ,
अब कहते हो , मुझे माफ़ करो | 


सम्बोधन की दुहाई दे कर 
आत्मा को पी जाने वाले 
हे काठ पुरुष  ! 
तुम्हे तरलता , सरलता से क्या सरोकार ? 
तुम्हे तुम्हारी निजता प्यारी है 
फिर ये सेंधमारी क्यों ? 


तुम सूखे हुए, जल का ,एक दाग हो 
जिसे गीले  कपड़े  से पोछ के छुड़ाना है | 
तुम चाहते हो , तुम्हे मेरी अपनी सम्वेदनाओं की तह तक 
पहुचाने के लिए 
मुझे मेरे अपने ही मरुस्थल से गुजरना पड़े | 
ये कैसी शर्त है ? 
जाओ ,चले जाओ | 


  अब मै अपनी छाती में 
बारिश की बूंदें भरुंगी | 
एक महासागर बनाउंगी 
और अपने मरुस्थल में 
एक पौधा भी रोपूंगी
जिसकी छाँव से तुम्हे अभी से वर्जित करती हूँ | 
जाओ जाओ ! 
इसी पल से मै तुम्हे अपने मरुस्थल से मुक्त करती हूँ ,
जाओ ! तुम्हे सिरे से खारिज करती हूँ |  

गुरुवार, 9 सितंबर 2010

दो टूक बातें ------[निराशा से ]

 एक ----


बेशक मै चौहद्दी की इक ईट हूँ 
मगर बहुत मजबूत हूँ | 
मुझे भेद के घर के आंगन में
तांडव का मन ना बनाओ ,
तुम्हारे हर प्रहार का मुह तोड़ जवाब हूँ
बस ! वहीं  ठहरो , वहीं ठहर जाओ |


दो ---


सुनहरी रेत की तरह
इस पार से उस पार तक
फैली उजली हंसी ने
कमरे में पसरे मौन से पूछा
ये चुप सी क्यों लगी है
अजी ! कुछ तो बोलिए |


तीन ----


ना तुम बुरी हो ना हम बुरे हैं ,
गर हैं  तो ख्यालात बुरे हैं | 
आओ इससे निज़ात पाने की कोशिश करें ,
मै मुतमइन हूँ , सुबह  होगी जरूरहोगी |


चार ----


हाँ ! मुझे उमीदों से मुहब्बत करनी है ,
इस जज़्बे में घुस के मुहब्बत करनी है |
 वो जो कोई बात तेरे लब पे आ के ठहरी है
उसे सरेराह , सरेआम करनी है
ताकि ताकीद रहे  तुम फिर इधर का 
कभी रुख ना करो
हाँ ,  कभी रुख ना करो |




मंगलवार, 31 अगस्त 2010

सन्दूकची



जिन्दगी के बहुत सारे फलसफों को 
अंगूठियों की तरह अँगुलियों में पहनती हूँ , 
वक्त बे वक्त उनकी जगहों में रद्दोबदल करती हूँ 
मगर मुझे मनमुआफिक नतीजा नही मिलता | 
इसी जद्दो जहद में मेरी सन्दूकची में 
ढेर सारी अंगूठियाँ पनाह पा गई हैं | 

मेरे जाने के बाद वो सन्दूकची उनकी कब्रगाह बन जाएगी 
यकायक इस ख्याल ने मुझे रुआसा  कर दिया 
और मैंने सारी अंगूठियाँ समन्दर में बहा दीं 
मगर ये क्या ? 
समन्दर के सीने में गोते लगा कर 
वो अंगूठियाँ वापसी लहरों के साथ 
फिर मेरे कदमों को चूमने लगीं | 
मेरी आँखों के कोर भींग गये | 

मैंने एक एक कर चुन कर उन अंगूठियों में लगी 
सुनहरी बालू को पोछा तो देखा , 
कुछ सुनहरे कणों को उन अंगूठियों ने अपना लिया था 
ठीक उसी तरह जिस तरह सन्दूकची ने उन्हें 
और मैंने सन्दूकची को अपना लिया है अब 
ता उम्र के लिए | 

मंगलवार, 10 अगस्त 2010

सोच की आजादी

कहते है  सोच कीआजादी  होनी चाहिए | मैंने  अपनी पिटारी का ढक्कन खोला तो उसमें बहुत सारे  सोच कुनमुना रहे थे  | मैने  एक एक सोच को धीमे धीमे  बाहर निकाला और उस पर पड़ी धूल को झाड़ने लगी तो देखा कि -
मै गौरैया बनना  चाहती हूँ 
अपने सपनों में उसके पंखों की 
वो ताकत भरना चाहती हूँ 
जो अदृश्य हो जाने की हद तक 
उड़ान भरने में समर्थ है | 


मै वो पत्थर बनना चाहती हूँ 
जो हवा , पानी , आग जैसे सारे 
थपेड़ों को सहने के बाद भी 
अपने अस्तित्व की मजबूती को 
कायम रखना जानते है | 


मै वो दरिया बनना चाहती हूँ 
जो उबड - खाबड़ तमाम रास्तों से 
गुजरने के बाद भी दो पाटों के बीच 
हमेशा एक रिश्ता बनाये रखने में समर्थ है | 


एक मेरी सोच दीवार पर टंगी 
फ्रेम जड़ी वो तस्वीर बनना चाहती है 
जो भूली  बिसरी यादों को हर पल 
ज़ेहन में ताज़ा रख सकने में समर्थ हो  | 


मै वो पगडंडी बनना चाहती हूँ 
जिस पर चल के किसान की घरवाली 
सोंधी सोंधी खुश्बू वाली दो रोटियां 
उसके लिए प्यार से बना के लाती है | 


मै वो जिस्म बनना चाहती हूँ 
जिसकी हर धडकन में कुदरत की 
हर थाप , हर पदचाप पर 
थिरकने का माद्दा हो | 


हाँ ! मै स्वाति - नछत्र की 
वो बूंद बनना चाहती हूँ 
जो आसमाँ से टपक के 
सीप के आगोश में सिमट के 
सच्चे मोती का अस्तित्व पाती है | 


अभी भी खुले आसमाँ के नीचे 
बिछी सर्द सफेद चादर पर 
कई सोच उनींदी अलसाई सी लुढकी पड़ी है 
दरअसल बहुत दिनों बाद इन्हें खुली जगह मिली है |